Giridih: गिरिडीह जिले के भरकट्टा ओपी क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ वारदात को अंजाम दिया है। केंदुवाडीह निवासी शंकरी स्वर्णकार, जो सरिया में आभूषण की दुकान चलाते हैं, शाम को दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भलुआ पुल के पास पहले से घात लगाए तीन अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।
पिस्टल दिखाकर लूटे साढ़े तीन लाख रुपये और जेवर
पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने पिस्टल तानकर उनके पास मौजूद करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद, लगभग 30 ग्राम सोना और तीन जोड़ी पायल छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित से विस्तृत पूछताछ की और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। साथ ही, नजदीकी क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।