Giridih News: गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र के रानीखावा में शुक्रवार सुबह तालाब में डूबने से दो 13 वर्षीय बच्चों की मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. मृतकों की पहचान हार्दिक रजक और प्रेम रजक के रूप में हुई है.
कमल का फूल निकालने तालाब पहुंचे थे
जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चे शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे सड़क किनारे बने तालाब में कमल का फूल निकालने गए थे. बताया जा रहा है कि तालाब के एक गहरे हिस्से में जाने के बाद दोनों पानी में डूब गए. उनके साथ मौजूद एक अन्य बच्चे ने तुरंत गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी.
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे. लोगों ने बच्चों की तलाश शुरू कर दी. करीब आधे घंटे की कोशिश के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया. सूचना मिलने पर पचम्बा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस दोनों बच्चों को सदर अस्पताल लेकर गई. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
गांव में पसरा मातम
एक साथ दो बच्चों की मौत से रानीखावा में मातम छा गया. हादसे के बाद दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है.