Giridih News: गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र के झरघट्टा गांव में हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता में बताया कि मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे टिंकू मारिक उर्फ चौहान (निवासी जामबाद, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र) को गोली मार दी गई थी. घटना के बाद गांडेय थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई और मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत विशेष टीम गठित की गई.
आरोपी की निशानदेही पर पिस्तौल और गोली बरामद
एसपी के निर्देश पर सदर गिरिडीह के एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जागेश्वर मारिक उर्फ छोटका (निवासी जामबाद) को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई देशी पिस्तौल, एक मैगजीन, 7.65 एमएम की जिंदा गोली और एक खोखा बरामद किया. बरामद हथियार के आधार पर गांडेय थाना में आर्म्स एक्ट के तहत एक अलग मामला भी दर्ज किया गया है.
इस कार्रवाई में एसडीपीओ जितवाहन उरांव, कई पुलिस अवर निरीक्षक और विभिन्न थानों के प्रभारी समेत पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे.