Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-14

Giridih News : गिरिडीह में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, वृद्धा की मौत के बाद बवाल

Giridih News : जिले के पचंबा थाना क्षेत्र स्थित सुंदरटांड़ में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में 80 वर्षीय वृद्धा पोथवा देवी की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने दबंगों पर घर में घुसकर हमला करने और पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया है।जानकारी के अनुसार विवाद खतियानी जमीन पर बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर शुरू हुआ। परिजनों का कहना है कि बुधवार सुबह उनकी जमीन पर बाउंड्री का काम चल रहा था, तभी किशुन यादव, बासदेब यादव, मितान यादव समेत कई लोग वहां पहुंचे और जमीन पर अपना दावा करते हुए काम रुकवा दिया। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने पर पचंबा थाना पुलिस को सूचना दी गई।


“शाम तक समाधान” का भरोसा, फिर देर रात हमला


परिजनों के मुताबिक पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर शाम तक समाधान निकालने का भरोसा दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया और देर शाम आरोपी पक्ष दर्जनों लोगों के साथ लाठी-डंडा लेकर अनूप महतो के घर पहुंच गया।

परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर महिलाओं और अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की। इसी दौरान वृद्धा पोथवा देवी को धक्का देकर गिरा दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार


घटना के बाद मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि सुबह से ही तनाव की जानकारी पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन सुरक्षा की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। परिजनों ने पुलिस पर एकतरफा रवैया अपनाने और समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर हस्तक्षेप करती और दोनों पक्षों के बीच विवाद को गंभीरता से सुलझाती, तो यह घटना टाली जा सकती थी।


पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

पुलिस ने कहा है कि मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस की नजर बनी हुई है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !