Gujarat News: गुजरात के खेड़ा जिले के कपडवंज में शनिवार को हुए एक भीषण धमाके ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहाँ एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी गूँज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आस-पास के गाँवों के लोगों ने बाकायदा धरती में कंपन महसूस किया।
मलबे में तब्दील हुई इमारत, मची अफरा-तफरी
कपडवंज के डंपिंग स्टेशन के सामने स्थित जिस इमारत में यह अवैध काम चल रहा था। हादसे के तुरंत बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए और फौरन राहत कार्य में जुट गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, घायलों की हालत गंभीर
इस दर्दनाक हादसे में कम से कम छह लोगों के घायल होने की खबर है, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। मलबे के नीचे और भी लोगों के दबे होने की आशंका है, जिसके चलते पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर इलाका सील, लोगों से दूर रहने की अपील
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर धमाके वाली जगह के आस-पास के पूरे इलाके को खाली करा दिया है। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई रुकावट न आए। मलबे को पूरी तरह हटाने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
प्रशासनिक मुस्तैदी पर सवाल, जाँच में जुटी पुलिस
हैरानी की बात यह है कि दो दिन पहले ही खेड़ा जिले के वासो गाँव में भी एक अवैध पटाखा फैक्ट्री पकड़ी गई थी। ऐसे में कपडवंज की इस घटना ने स्थानीय प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है कि यह अवैध फैक्ट्री कब से और किसकी शह पर चल रही थी।