Gumla News: उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर गुमला जिले में खाद्य सुरक्षा और बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है. इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी के नेतृत्व में लक्ष्मण नगर फसिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का सघन निरीक्षण किया गया.
निरीक्षण के दौरान केंद्र की साफ-सफाई, रसोईघर की व्यवस्था और बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की गई. सेविका और सहायिका को निर्देश दिया गया कि परिसर और किचन को नियमित रूप से साफ रखें और खाद्य सामग्री को ढककर सुरक्षित तरीके से रखें.
एक्सपायरी सामग्री पर सख्ती
केंद्र में मौजूद खाद्य सामग्री की जांच करते हुए अधिकारियों ने साफ निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में एक्सपायरी उत्पाद का उपयोग नहीं होना चाहिए. साथ ही स्टॉक की नियमित जांच और सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया.
बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया. पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने और साफ बर्तनों में ही पानी संग्रहित करने के निर्देश दिए गए.
पोषण आहार के सैंपल जांच के लिए भेजे गए
बच्चों को दिए जा रहे पौष्टिक आहार के सैंपल लेकर उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया, ताकि गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की पुष्टि की जा सके.
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के समुचित विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अंत में सभी कर्मियों को नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी गई.