Hazaribagh News: हजारीबाग के इचाक थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते होते बच गया. बरका रतनपुर स्थित डेवलप पब्लिक स्कूल की इको वैन सड़क से उतरकर कुरथिया जंगल में जा फंसी. इस दौरान वैन में सवार तीन बच्चे घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
डाढा नदी पुल के पास अनियंत्रित हुई वैन और जंगल में जाकर रुकी
मंगलवार सुबह करीब 6.45 बजे शिव शक्ति गंगा धाम के पास डाढा नदी पुल के समीप यह घटना हुई. बताया गया कि चालक की लापरवाही के कारण स्कूल वैन सड़क से नीचे उतर गई. वाहन रास्ते में बने कटे ट्रेंच और गड्ढों को पार करते हुए जंगल के भीतर एक लकड़ी के खूंटे में फंसकर रुक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
तीन बच्चों के चेहरे पर आई चोट, अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में डाढा गांव की आनवी कुमारी, प्रीति रानी और राजू यादव की बेटी घायल हो गईं. तीनों बच्चों के चेहरे पर चोट लगी है. घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है.
करीब दस बच्चों को लेकर लौट रही वैन, ग्रामीणों ने पहुंचकर संभाला मोर्चा
ग्रामीणों के अनुसार वैन में डाढा गांव के करीब दस बच्चे सवार थे और वाहन उन्हें लेकर वापस स्कूल की ओर जा रहा था. इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार वैन करीब 125 फीट अंदर जंगल की ओर बढ़ गई. बच्चों की चीख पुकार सुनकर आसपास से गुजर रहे लोगों ने गांव वालों को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया.
समय रहते वैन का लकड़ी के खूंटे में फंस जाना बच्चों के लिए राहत की बात साबित हुआ, नहीं तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था. घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा और चालकों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.