Hazaribagh News : हजारीबाग शहर के कोर्रा थाना क्षेत्र स्थित मुसन साव गली में संचालित “कुमार बॉयज हॉस्टल” के एक कमरे से स्नातक के छात्र पंकज कुमार सिंह का कथित रूप से फंदे से झूलता शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक छात्र गिरिडीह का रहने वाला था और हजारीबाग में रहकर ग्रेजुएशन सेमेस्टर-1 की पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही हॉस्टल में रहने वाले छात्रों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पंकज हॉस्टल के दूसरे तल्ले पर अकेले किराए के कमरे में रह रहा था। साथ पढ़ने वाले छात्रों ने बताया कि वह पढ़ाई में बेहद होनहार था और टेक्नोलॉजी व कंप्यूटर कोडिंग में उसकी विशेष रुचि थी। वह घंटों लैपटॉप पर काम करता था और नए डिजिटल आइडिया पर रिसर्च करता रहता था।
छात्रों की मदद के लिए बनाया था “वन नियर” ऐप
पंकज ने हजारीबाग आने वाले नए छात्रों की परेशानियों को देखते हुए “वन नियर” नाम का मोबाइल एप्लीकेशन तैयार किया था। इस ऐप के जरिए छात्र अपने बजट के अनुसार कमरा, लॉज और हॉस्टल की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते थे। उसके इस प्रयास की छात्र समुदाय और स्थानीय लोगों के बीच काफी सराहना होती थी।
घटना की सूचना मिलते ही कोर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। बताया जा रहा है कि परिजनों की मौजूदगी में ही कमरे का दरवाजा खोला जाएगा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। साथ ही कमरे की तलाशी लेकर यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि कोई सुसाइड नोट या अन्य अहम सुराग मिलता है या नहीं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।