Hazaribhag News: घटना पदमा थाना क्षेत्र के इटखोरी मोड़ के पास, हजारीबाग रोड पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां ट्रक और ट्रेलर की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दोनों गाड़ियां धू-धूकर जलने लगीं.
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी, आग की लपटों में घिरीं दोनों गाड़ियां
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर बेहद जोरदार थी. हादसे के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे. कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों वाहन पूरी तरह उसकी चपेट में आ गए. स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक में कोल्ड ड्रिंक्स लदा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है.
सूचना पर पहुंची पुलिस-दमकल, जांच शुरू; हताहत की पुष्टि नहीं
घटना की सूचना मिलते ही पदमा थाना प्रभारी संचित दुबे के नेतृत्व में पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया. हालांकि तब तक दोनों वाहन काफी हद तक जल चुके थे. इस हादसे में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
तेज रफ्तार और भारी वाहनों की टक्कर से हुई यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है. समय पर राहत पहुंचने से बड़ा नुकसान टल गया, लेकिन हादसे की भयावहता ने लोगों को दहला दिया.