IPL 2026: आईपीएल 2026 में रविवार को डबल हेडर का रोमांच देखने को मिलेगा, जहां दूसरे मुकाबले में Royal Challengers Bengaluru और Mumbai Indians आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला रायपुर के Shaheed Veer Narayan Singh International Stadium में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। मौजूदा सीजन में दोनों टीमों की यह दूसरी भिड़ंत है। पिछली बार वानखेड़े में आरसीबी ने मुंबई को 18 रन से हराया था। अब मुंबई उस हार का बदला लेने के इरादे से उतरेगी।
मुंबई के लिए करो या मरो की जंग
पांच बार की चैंपियन Mumbai Indians के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। टीम फिलहाल अंक तालिका में नौवें स्थान पर है और 10 मैचों में सिर्फ तीन जीत के साथ उसके खाते में छह अंक हैं। अगर मुंबई आज हार जाती है तो उसकी प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म हो जाएंगी। दूसरी ओर Royal Challengers Bengaluru 12 अंकों के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है। रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने 10 में से छह मुकाबले जीते हैं और टीम टॉप-4 में अपनी जगह मजबूत करना चाहेगी।
हार्दिक पर सस्पेंस, रोहित पर उम्मीदों का भार
मुंबई के नियमित कप्तान Hardik Pandya पीठ दर्द के कारण पिछले मैच में नहीं खेले थे। उनके रायपुर में खेलने को लेकर अब भी तस्वीर साफ नहीं है, हालांकि वह टीम से जुड़ चुके हैं। पिछले मुकाबले में Suryakumar Yadav ने कप्तानी संभाली थी। वहीं Rohit Sharma ने चोट से वापसी करते हुए एलएसजी के खिलाफ 84 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। आज रोहित और रयान रिकेल्टन की सलामी जोड़ी के सामने Bhuvneshwar Kumar और Josh Hazlewood की तेज गेंदबाजी बड़ी चुनौती होगी।
विराट पर जिम्मेदारी, आरसीबी को वापसी की तलाश
Royal Challengers Bengaluru के बल्लेबाज जैकब बेथेल अब तक उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके हैं। उन्होंने चार पारियों में 14, 20, 5 और 4 रन बनाए हैं, जिससे Virat Kohli पर अतिरिक्त जिम्मेदारी आ गई है। आरसीबी ने पिछले पांच मुकाबलों में से तीन गंवाए हैं और टीम लय में लौटने की कोशिश करेगी। गुजरात टाइटंस के खिलाफ टीम सिर्फ 155 रन बना सकी थी, जबकि एलएसजी ने उसे नौ रन से हराया था। ऐसे में रायपुर का यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम और रोमांचक होने वाला है।