JCECEB Admission 2026: झारखंड में कृषि और संबद्ध प्रोफेशनल कोर्सों में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने प्रवेश परीक्षा और आवेदन प्रक्रिया का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है. नए शेड्यूल के तहत आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है और परीक्षा भी तय तारीख से बाद में आयोजित होगी.
अब 9 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी अब 9 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं. पहले आवेदन करने की अंतिम तिथि 2 जुलाई निर्धारित थी. वहीं आवेदन पत्र में किसी प्रकार की गलती होने पर 10 और 11 जुलाई को करेक्शन विंडो के माध्यम से सुधार करने का अवसर मिलेगा.
परीक्षा की नई तारीख और एडमिट कार्ड की जानकारी
पर्षद ने प्रवेश परीक्षा की तारीख में भी बदलाव किया है. अब परीक्षा 26 जुलाई 2026 को ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी, जबकि पहले इसे 19 जुलाई को कराने की योजना थी. परीक्षा के एडमिट कार्ड परीक्षा से चार दिन पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे. इस वर्ष परीक्षा केंद्र रांची और दुमका में बनाए जाएंगे.
इन प्रोफेशनल कोर्सों में मिलेगा दाखिला
यह प्रवेश परीक्षा शैक्षणिक सत्र 2026 से 2027 के लिए आयोजित की जा रही है. इसके माध्यम से बैचलर ऑफ वेटनरी साइंस एंड एनिमल हसबैंड्री, बीएससी ऑनर्स एग्रीकल्चर, बीएससी ऑनर्स फॉरेस्ट्री, बीएससी ऑनर्स हॉर्टिकल्चर, बीटेक डेयरी टेक्नोलॉजी, बीटेक एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग और बीएफएससी जैसे विभिन्न प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में नामांकन दिया जाएगा.