Jamshedpur: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक सड़क दुर्घटना में 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना श्रीघुटू के पास एनएच-33 पर हुई, जहां बाइक चला रहे युवक का संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़ा।
घर लौटने के दौरान हुआ हादसा
घायल युवक की पहचान मदनाबेड़ा गांव निवासी रोहित धीवर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक रोहित आदित्यपुर की एक कंपनी में काम करता है और ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी बाइक अचानक फिसल गई और वह तेज रफ्तार में सड़क पर गिर पड़ा।
सिर में गंभीर चोट, अस्पताल में भर्ती
दुर्घटना में रोहित के सिर में गंभीर चोट आई है। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए विधायक मंगल कालिंदी की एंबुलेंस से उसे एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद एमजीएम थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।