Jamshedpur: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित CGPC कार्यालय के पास शनिवार को अचानक आग लगने की घटना सामने आई, जिसमें वहां खड़ी पांच मोटरसाइकिलें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। फिलहाल आग लगने की असली वजह साफ नहीं हो सकी है, लेकिन शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि झाड़ियों में लगी आग के कारण यह हादसा हुआ।
सिगरेट फेंकने से लगी आग की आशंका
स्थानीय लोगों के मुताबिक आशंका है कि किसी ने झाड़ियों के पास सिगरेट पीकर उसे वहीं फेंक दिया हो, जिससे सूखी घास और झाड़ियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग फैल गई और पास में खड़ी पांचों बाइक उसकी चपेट में आ गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में सभी मोटरसाइकिलें जलकर राख हो गईं।
टाटा स्टील के ठेका कर्मियों की थीं बाइकें
जानकारी के अनुसार, ये सभी बाइकें टाटा स्टील के ठेका कर्मियों की बताई जा रही हैं। कर्मचारी अपनी बाइक CGPC कार्यालय के पास खड़ी कर कंपनी के अंदर ड्यूटी करने गए थे। इसी दौरान यह घटना हो गई। बाइक मालिकों में शरत चंद्र महतो, सतीश कुमार, बी. सुधाकर राव और राजेश कुमार का नाम सामने आया है, जबकि एक अन्य बाइक मालिक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
मौके पर पहुंची दमकल, आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया और आसपास के इलाके को सुरक्षित किया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग लगने की असली वजह क्या थी।