Jamshedpur: बागबेड़ा थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दोनों आरोपी वर्ष 2025 में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में वांछित थे। पुलिस के अनुसार, बागबेड़ा थाना में दिनांक 15 दिसंबर 2025 में अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक चापड़ के साथ पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
तीन आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मो. वाजिद, मो. राज और मो. समीर को 15 दिसंबर 2025 को ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वहीं, दो अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस ने लगातार छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर फरार आरोपी मो. दिलशान (19)और मो. तौहिद (19 वर्ष) दोनों निवासी गाड़ीवान पट्टी, किटाडीह, थाना परसुडीह, जिला पूर्वी सिंहभूम को गिरफ्तार कर लिया।
न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को गुरुवार, 2 जुलाई को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले के सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो चुकी है और कांड में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।