Jamshedpur: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त कार्रवाई की. नारकोटिक्स डॉग "मैक्स" की मदद से चलाए गए अभियान में टीम ने दो लोगों को करीब 30 किलो गांजा के साथ पकड़ा. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूपेश कुमार (36) और शिव मुनि चौरसिया (38) के रूप में हुई है. भूपेश कुमार बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर फतेहपुर का रहने वाला है. वहीं, शिव मुनि चौरसिया बिहार के कैमूर जिले के भभुआ का निवासी बताया गया है.
ओडिशा से ट्रेन में पहुंचे थे दोनों
बताया गया कि दोनों आरोपी ओडिशा की ओर से आने वाली समलेश्वरी एक्सप्रेस से टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे. उनका आगे बिहार जाने का इरादा था. बिहार जाने के लिए दोनों को पुरुषोत्तम एक्सप्रेस पकड़नी थी. इसी दौरान स्टेशन परिसर में आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने उनकी गतिविधियों पर संदेह होने के बाद जांच शुरू की. जांच के दौरान दोनों के सामान की तलाशी ली गई. इसी क्रम में उनके पास से करीब 30 किलो गांजा बरामद हुआ. मादक पदार्थ मिलने के बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया. बरामद गांजा को भी जब्त कर लिया गया.
जीआरपी को सौंपे गए आरोपी
कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए टाटानगर रेल थाना (जीआरपी) के हवाले कर दिया गया. जीआरपी की ओर से आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. इसके बाद दोनों आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.