Jamshedpur: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मानगो बस स्टैंड के पास से एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से करीब 33 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16.5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की रात करीब 8:15 बजे सूचना मिली थी कि सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के मानगो बस स्टैंड गेट नंबर-05 के पास शौचालय के समीप कुछ युवक भारी मात्रा में गांजा लेकर मौजूद हैं। बताया गया था कि गांजा ओडिशा से लाकर बिहार और बनारस भेजने की तैयारी की जा रही है।
विशेष टीम बनाकर की गई छापेमारी
सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा की अगुवाई में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मानगो बस स्टैंड के गेट नंबर-05 के पास छापेमारी की, जहां से एक युवक को गांजा के साथ हिरासत में लिया गया। आरोपी युवक की पहचान उमेश कुमार उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई हैं.
ट्रॉली बैग में छिपाकर रखा था गांजा
गिरफ्तार युवक के पास से पुलिस ने तीन ट्रॉली बैग बरामद किए, जिनमें करीब 33 किलोग्राम गांजा रखा हुआ था। इसके अलावा एक सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B)/29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में सीतारामडेरा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक आनंद कुमार मिश्रा के अलावा उमाशंकर (कनीय अभियंता, मानगो नगर निगम), पुलिस अवर निरीक्षक अक्षय कुमार, युवराज कुमार, मनोरंजन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सुशील प्रसाद, जयदेव कुमार दास, सशस्त्र बल के जवान और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।