Jamshedpur News: आगामी मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जमशेदपुर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की पटना यूनिट द्वारा डिमना लेक में पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में सिविल डिफेंस के 72 छात्र-छात्राएं भाग लेकर आपदा प्रबंधन की बारीकियां सीख रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन और प्राथमिक उपचार का दिया जा रहा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बाढ़, जलभराव और अन्य आपदा की परिस्थितियों में सुरक्षित एवं प्रभावी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने की तकनीक सिखाई जा रही है। साथ ही घायलों को प्राथमिक उपचार देने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और बचाव कार्य के दौरान आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी जा रही है।
युवाओं को आपदा प्रबंधन में सक्षम बनाने पर जोर
शिविर में शामिल अधिकांश छात्र-छात्राएं शहरी क्षेत्रों से हैं। उन्हें बाढ़ बचाव के अलावा विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक, जिम्मेदार और सक्षम बनाना है, ताकि जरूरत पड़ने पर वे प्रभावी भूमिका निभा सकें।
प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की उपलब्धता बढ़ाना है लक्ष्य
पटना एनडीआरएफ से पहुंचे सब इंस्पेक्टर कबि रंजन ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण अभियान देशभर में संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य आपदा के समय प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और सुरक्षित रेस्क्यू ऑपरेशन को बढ़ावा देना है। उन्होंने सिविल डिफेंस सदस्यों के साथ-साथ आम नागरिकों से भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेकर आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक बनने की अपील की।