Jamshedpur: जुगसलाई इलाके में मंगलवार को एक छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैला दिया। घटना के विरोध में सैकड़ों स्थानीय लोग जुगसलाई थाना पहुंच गए और अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार हंगामा किया। लोगों का कहना है कि इलाके में असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ता जा रहा है, जिस पर तत्काल अंकुश लगाया जाना चाहिए।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
बताया जा रहा है कि छात्रा के साथ हुई अभद्रता की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में एक युवक छात्रा के साथ गलत हरकत करता दिखाई दे रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब युवक छात्रा से अभद्र व्यवहार कर रहा था, तभी वहां मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने इसका विरोध किया। विरोध करने पर युवक और उस व्यक्ति के बीच तीखी बहस हो गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। स्थिति बिगड़ती देख आरोपी युवक वहां से फरार हो गया।
कुछ देर बाद साथियों के साथ लौटा आरोपी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ ही देर बाद वही युवक बाइक पर चार-पांच युवकों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा। इन लोगों ने छेड़छाड़ का विरोध करने वाले व्यक्ति को धमकाया और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। इससे मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया।
शिकायत के बाद भी नहीं थमा मामला
घटना की जानकारी मिलने पर लोगों ने जुगसलाई थाना प्रभारी से शिकायत की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी युवक और छात्रा दोनों को ट्रेस कर पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस लौट गई।
लेकिन आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के बावजूद आरोपी का हौसला कम नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि वह फिर 8-10 युवकों को साथ लेकर विरोध करने वाले व्यक्ति के पास पहुंचा और दोबारा धमकी दी कि यदि शिकायत वापस नहीं ली गई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
इलाके में बढ़ता आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग
लगातार मिल रही धमकियों से आक्रोशित होकर बड़ी संख्या में लोग जुगसलाई थाना पहुंचे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र का माहौल और बिगड़ सकता है।