Jamshedpur: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर सामाजिक कुरीतियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, जुगसलाई के गाढ़ा बासा निवासी युवक की शादी उत्तर प्रदेश की एक युवती से 17 मई 2025 को शहर के रामाडा होटल में पूरे रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों के बाद ही स्थिति बदलने लगी और आरोप है कि करीब छह महीने तक पति और उसके परिवार के लोग युवती को दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहे। हालात इतने बिगड़ गए कि आखिर में युवती को उसके मायके, उत्तर प्रदेश, छोड़ दिया गया।
समझौते की कोशिश नाकाम, लड़की पक्ष पहुंचा ससुराल
मामले को सुलझाने के उद्देश्य से हाल ही में दोनों पक्षों के बीच बातचीत भी हुई थी, जिसमें यह सहमति बनी थी कि युवक खुद जाकर अपनी पत्नी को वापस लेकर आएगा। लेकिन तय समय पर जब युवक नहीं पहुंचा, तो आज बुधवार को लड़की पक्ष के लोग खुद जुगसलाई स्थित ससुराल पहुंचे, ताकि बातचीत कर विवाद का समाधान निकाला जा सके। परिवार को उम्मीद थी कि बातचीत से मामला सुलझ जाएगा और बेटी की जिंदगी फिर से पटरी पर आ जाएगी।
घर पर लटका मिला ताला, पूरा परिवार फरार
हालांकि जब लड़की पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर वे हैरान रह गए। घर पर ताला लटका हुआ था और आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि पूरा परिवार घर छोड़कर कहीं चला गया है। इस घटना के बाद लड़की पक्ष के लोगों में आक्रोश और निराशा दोनों देखने को मिली। फिलहाल मामला जुगसलाई थाना क्षेत्र से जुड़ा है और इस पूरे घटनाक्रम ने दहेज प्रताड़ना जैसे गंभीर मुद्दे को फिर से सामने ला दिया है।