Jamshedpur: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर में 23 वर्षीय युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना शुक्रवार शाम परिजनों को मिली। सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
गुजरात से लौटकर नौकरी की कर रहा था तलाश
मृतक की पहचान पीयूष कुमार (23) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह परिवार का इकलौता बेटा था और गुजरात की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। करीब एक महीने पहले वह जमशेदपुर लौटा था और अपने माता-पिता तथा बहन के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह स्थानीय स्तर पर नौकरी की तलाश कर रहा था, लेकिन सफलता नहीं मिलने से मानसिक तनाव में रहने लगा था।
तनाव में उठाया आत्मघाती कदम
परिजनों का कहना है कि नौकरी नहीं मिलने के कारण पीयूष काफी परेशान था। उनका मानना है कि इसी तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, पुलिस इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर रही है और मामले की जांच जारी है। मानगो थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।