Jamshedpur News: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित गोलछा मार्केट के पास यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान में हुई फायरिंग मामले में जांच के दौरान नया मोड़ सामने आया है। मामले में नाम सामने आने के बाद मानगो के मानिफिट निवासी सागर उपाध्याय ने शनिवार को जुगसलाई थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। बताया जा रहा है कि वह पिछले दो दिनों से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।
पिता से पूछताछ के बाद बढ़ा दबाव, थाने पहुंचा सागर
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने दो दिन पहले पूछताछ के लिए सागर के पिता को थाना बुलाया था। इसके बाद बढ़ते दबाव के बीच सागर ने खुद थाना पहुंचकर सरेंडर कर दिया। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इस पूरे घटनाक्रम पर
आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से इनकार किया है।
CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस टीम घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
दिनदहाड़े दुकान में घुसकर हुई थी फायरिंग, बाल-बाल बचे संचालक
गौरतलब है कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे जुगसलाई स्टेशन रोड स्थित नगर परिषद कार्यालय के समीप यूनिक कलेक्शन रेडीमेड कपड़ा दुकान में अपराधियों ने घुसकर फायरिंग कर दी थी। घटना में दुकान संचालक बिनेश कुमार बेरिया उर्फ दिनेश कुमार केडिया बाल-बाल बच गए थे। गोली उनके सिर और कान के ऊपर से गुजर गई थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी।