Jamshedpur: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित आम बागान के पास महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवक की पहचान मनीफीट निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है।
लंबे समय से कर रहा था महिलाओं से अश्लील हरकत
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी युवक काफी समय से इलाके में आने-जाने वाली महिलाओं को देखकर अशोभनीय हरकतें कर रहा था। शनिवार को भी वह आम बागान के पास खड़ा होकर महिलाओं को देखकर अभद्र इशारे और व्यवहार कर रहा था, जिसे आसपास मौजूद लोगों ने देख लिया।
लोगों ने बनाया वीडियो, पुलिस को दी सूचना
युवक की हरकतों से नाराज स्थानीय लोगों ने उसका विरोध किया और उसकी करतूत का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद तुरंत साकची थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, युवक को लिया हिरासत में
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने पुलिस को वीडियो दिखाया, जिसके आधार पर पुलिस ने मौके से ही अमित कुमार को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए साकची थाना ले जाया गया।
मोबाइल छिपाने और पहचान बताने से कर रहा था बचाव
उसे पकड़ने वाले लोगों ने बताया कि पकड़े जाने के बाद युवक अपना मोबाइल छिपाने की कोशिश कर रहा था और अपना नाम-पता बताने से भी बच रहा था। काफी खोजबीन के बाद उसका मोबाइल बरामद किया गया। इसी दौरान उसके घर से फोन आने पर परिवार के सदस्यों से बात कर उसकी पहचान और पता की पुष्टि की गई।
लोगों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक सामान्य स्थिति में ही इस तरह की हरकतें कर रहा था। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में वह इस तरह की हरकत दोबारा न कर सके।