Jamshedpur: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबूडीह में बुधवार देर रात पुलिस टीम के साथ विवाद के बाद हंगामा हो गया. डायल 112 पर तेज आवाज में बाजा बजाने और डांस किए जाने की शिकायत मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पर पथराव और वाहन में तोड़फोड़ का आरोप है. घटना में ASI कृष्ण कुमार घायल हो गए.
शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम
बताया गया कि रात करीब 12 बजे पुलिस को बाबूडीह में तेज आवाज में बाजा बजाने और डांस करने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवकों को समझाकर बाजा बंद कराने का प्रयास किया. इसी दौरान कुछ युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गए. पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद टीम पर पथराव किया गया और पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त किया गया.
ASI से मोबाइल छीनने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, हंगामा कर रहे युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की कोशिश की. इस दौरान ASI कृष्ण कुमार का मोबाइल फोन छीनने और पुलिस की राइफल छीनने का प्रयास किए जाने का भी आरोप है. स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित किया. इसके बाद पांच युवकों को हिरासत में लेकर सिदगोड़ा थाना लाया गया.
घायल ASI का कराया गया इलाज
घटना में घायल ASI कृष्ण कुमार को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया. वहीं, हिरासत में लिए गए युवकों के परिजन और कुछ स्थानीय लोग भी सिदगोड़ा थाना पहुंचे. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पुलिसकर्मियों पर बस्ती के लोगों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया.
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पथराव और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. पुलिस की ओर से पुलिस टीम पर हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. मामले में दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है.