Jamshedpur News: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (09) एवं झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय (02) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नामांकन हेतु जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी, सांसद एवं अन्य विधायकगण के प्रतिनिधि शामिल हुए। कुल 750 रिक्त सीटों के विरुद्ध प्राप्त 2444 आवेदनों की समीक्षा की गई तथा एकल, अनाथ, परित्यक्त एवं गरीब परिवार के योग्य बच्चों के चयन को मंजूरी दी गई।
खाली सीटों पर चयन व नए नामांकन को मिली स्वीकृति
आवासीय विद्यालयों के कक्षा 7, 8 और 9 में रिक्त 18 सीटों के लिए प्राप्त 117 आवेदनों में से योग्य बच्चों का चयन सुनिश्चित किया गया। समिति ने पारदर्शी प्रक्रिया के तहत पात्र अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देते हुए नामांकन प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया, जिससे जरूरतमंद बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिल सके।
विद्यालय उत्क्रमण और प्लस टू स्कूलों पर हुई चर्चा
बैठक में पहली, मध्य एवं उच्च विद्यालयों के उत्क्रमण पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्राथमिक से मध्य के लिए 2 विद्यालय और मध्य से उच्च विद्यालय के लिए 8 विद्यालयों को अनुमोदन दिया गया। साथ ही राज्य सरकार की नई गाइडलाइन के तहत प्रत्येक पंचायत में एक से प्लस टू विद्यालय खोलने के निर्देश पर, हाई स्कूलों के उत्क्रमण हेतु नए विद्यालयों को चिन्हित करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडेय एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।