Jamshedpur News : कदमा के चर्चित तोफीक उर्फ गोरा हत्याकांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। अदालत के आदेश के बाद शुक्रवार को पुलिस ने फरार आरोपी अरमान और आफताब खान के ठिकानों पर ढोल-नगाड़ा बजाकर इश्तेहार चस्पा किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय सीमा के भीतर दोनों आरोपियों ने आत्मसमर्पण (सरेंडर) नहीं किया तो उनके घरों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
21 नवंबर 2025 को हुई थी गोरा की हत्या
गौरतलब है कि 21 नवंबर 2025 को कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 स्थित मस्जिद के पीछे इमामबाड़ा के पास अपराधियों ने तोफीक उर्फ गोरा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस पहले ही नामजद आरोपी अयान, विजय पांडे, शादाब खान उर्फ बिल्ली, शुभम और महिला सिपाही संगीता खलखो को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
नामजद आरोपी विपुल यादव ने कोर्ट में किया सरेंडर
गोरा हत्याकांड में पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच नामजद आरोपी और आदित्यपुर के ईंट-भट्ठा संचालक विपुल यादव ने शुक्रवार को जमशेदपुर के एडीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
इससे पहले पुलिस ने आदित्यपुर स्थित उसके ईंट-भट्ठे समेत कई संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड की पूरी साजिश और सभी आरोपियों की भूमिका का खुलासा करने के लिए जल्द ही विपुल यादव को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।