Jamshedpur News : पूर्वी छोटागोविंदपुर के सनातनपुर गांव की 11 वर्षीय आदिवासी बच्ची लक्ष्मी मुंडा के इलाज में तकनीकी कारणों से आई रुकावट को लेकर जिला परिषद सदस्य सह कांग्रेस नेता डॉ. परितोष सिंह ने गहरी चिंता जताई है। एक्यूट ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित लक्ष्मी का इलाज प्रशासनिक खामियों के कारण अधर में लटक गया है।
डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि लक्ष्मी का इलाज मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत टाटा कैंसर अस्पताल में होना था, लेकिन स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल के बीच एमओयू (MOU) की अवधि 17 मार्च को समाप्त हो जाने के कारण योजना के तहत इलाज की सुविधा फिलहाल बंद हो गई है। इससे न सिर्फ लक्ष्मी, बल्कि ऐसे कई जरूरतमंद मरीज प्रभावित हो रहे हैं।
MOU नवीनीकरण में देरी बनी बाधा, सरकार से युद्धस्तर पर कार्रवाई की मांग
डॉ. सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से ट्वीट के माध्यम से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि टाटा कैंसर अस्पताल सहित जमशेदपुर के उन सभी अस्पतालों के साथ स्वास्थ्य विभाग का एमओयू नवीनीकरण तत्काल पूरा किया जाए, जो अब तक एक्सटेंशन पर चल रहा था और 17 मार्च से समाप्त हो चुका है।
उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में देरी गरीब और गंभीर मरीजों के लिए घातक साबित हो सकती है। साथ ही जिला प्रशासन और सिविल सर्जन से व्यक्तिगत रुचि लेकर लक्ष्मी मुंडा को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
गरीब मरीजों के हित में आवाज, हरसंभव मदद का भरोसा
डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि यह सिर्फ एक बच्ची के इलाज का सवाल नहीं, बल्कि राज्य के स्वास्थ्य तंत्र की संवेदनशीलता की परीक्षा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी और वे स्वयं लक्ष्मी के जीवन की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से किसी गरीब बच्ची का इलाज रुकना दुर्भाग्यपूर्ण है और सरकार को इस मामले में अविलंब कदम उठाना चाहिए, ताकि लक्ष्मी समेत अन्य मरीजों को भी राहत मिल सके।