Jamshedpur News : शहर में जिला प्रशासन की सख्ती के बावजूद निजी स्कूलों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला कदमा स्थित आंध्र एसोसिएशन इंग्लिश स्कूल का है, जहां शनिवार को अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। री-एडमिशन फीस में भारी बढ़ोतरी के विरोध में बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल परिसर पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
स्कूलों की मनमानी से बढ़ रहा अभिभावकों का आर्थिक बोझ
अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा री- एडमिशन के नाम पर मनमानी तरीके से भारी- भरकम शुल्क वसूला जा रहा है, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब आक्रोशित अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख स्कूल के कई कर्मचारी मौके से निकल गए।
अभिभावकों का कहना है कि जिला प्रशासन द्वारा फीस नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश दिए जाने के बावजूद स्कूल प्रबंधन उन निर्देशों की अनदेखी कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि फीस वृद्धि वापस नहीं ली गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं इस पूरे मामले में स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर प्रशासन के हस्तक्षेप की मांग तेज हो गई है।