Jamshedpur News : जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम इकाई ने जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। सोमवार को जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम को ज्ञापन सौंपकर आरोपों की वैज्ञानिक जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले पेट्रोल पंपों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
मानक से अधिक एथेनॉल मिश्रण का आरोप, वाहन चालकों को हो रहा नुकसान
ज्ञापन में कहा गया है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में वाहन चालकों और उपभोक्ताओं की शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ पेट्रोल पंपों पर भारत सरकार द्वारा निर्धारित ई-20 (20 प्रतिशत एथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल) मानक का पालन नहीं किया जा रहा है। आरोप है कि कई स्थानों पर निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की आपूर्ति की जा रही है, जिससे वाहनों का माइलेज कम हो रहा है, इंजन के प्रदर्शन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इन शिकायतों के कारण आम उपभोक्ताओं में ईंधन की गुणवत्ता को लेकर चिंता और असमंजस का माहौल बना हुआ है।
बिना जांच किसी को दोषी नहीं ठहराने की बात, निष्पक्ष जांच पर जोर
जदयू ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि बिना जांच किसी भी पेट्रोल पंप को दोषी ठहराना उचित नहीं होगा। हालांकि लगातार सामने आ रही शिकायतों को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पूरे मामले की वैज्ञानिक, पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कराना जरूरी है। पार्टी ने कहा कि यदि जांच में कहीं भी गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित पेट्रोल पंपों के खिलाफ आवश्यक कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
लैब जांच, रिपोर्ट सार्वजनिक करने और नियमित निरीक्षण की मांग
पार्टी ने मांग की कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों से ईंधन के नमूने लेकर मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में उनकी जांच कराई जाए और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं का विश्वास कायम रहे। इसके अलावा समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी पेट्रोल पंप निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन कर रहे हैं। साथ ही प्रत्येक पेट्रोल पंप पर ईंधन की गुणवत्ता संबंधी जानकारी और शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था प्रमुखता से प्रदर्शित करने की भी मांग की गई।
उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी : जदयू
जदयू नेताओं ने कहा कि आम जनता अपनी मेहनत की कमाई से ईंधन खरीदती है। यदि ईंधन की गुणवत्ता में किसी प्रकार की अनियमितता होती है तो उसका सीधा असर लाखों वाहन चालकों, परिवहन व्यवसाय, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ता है। इसलिए उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पार्टी ने कहा कि वह इस जनहित के मुद्दे पर लगातार आवाज उठाती रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर व्यापक जनआंदोलन भी चलाया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू के साथ उषा यादव, प्रवीण सिंह, संजीव सिंह, बिनोद सिंह, दिनेश सिंह, अशोक कुमार सिंह, चुन्नू भूमिज, अर्जुन यादव, मृत्युंजय शर्मा, अवतार सिंह, मनोज गुप्ता, त्रिलोचन सिंह, दर्शन सिंह काले, दीप, चंद्रा सहित जनता दल (यूनाइटेड) के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।