टीएमएच में गंभीर हालत में भर्ती कर्मचारी, परिजनों ने कंपनी पर लापरवाही का लगाया आरोपJamshedpur News : सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल जियो कंपनी में कार्यरत एक कर्मचारी के परिजनों ने कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे और इलाज की जिम्मेदारी उठाने की मांग की है। सोमवार को बड़ी संख्या में परिजन टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचे और बाद में आदित्यपुर स्थित जियो कार्यालय पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित परिजनों ने कार्यालय का शटर भी बंद करा दिया और कंपनी से तत्काल आर्थिक सहायता की मांग की।

परिजनों के अनुसार, घायल कर्मचारी का रविवार देर शाम सड़क हादसा हुआ था, जिसके बाद उसे गंभीर अवस्था में टीएमएच में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
परिजनों का आरोप- कंपनी ने नहीं ली कोई जिम्मेदारी
घायल के भाई जितेंद्र कुमार ने बताया कि उनका परिवार बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला है। उनका आरोप है कि हादसे के बाद से अब तक कंपनी का कोई प्रतिनिधि अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल लेने नहीं आया और न ही किसी प्रकार की आर्थिक सहायता या मुआवजे की घोषणा की गई।

परिजनों का कहना है कि कंपनी कर्मचारियों पर अत्यधिक कार्य दबाव (वर्क प्रेशर) डालती है और इसी कारण पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि हादसे के बाद कंपनी ने अपनी जिम्मेदारी से दूरी बना ली है। उन्होंने मांग की कि कंपनी घायल कर्मचारी के इलाज का पूरा खर्च उठाए, उचित मुआवजा दे और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए।
नोट: कंपनी पर लगाए गए आरोपों पर उसका आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। कंपनी का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।