Jamshedpur News : शहर में उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो रही है। जिले में कुल 77 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचार मुक्त बनाने के लिए प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं।
तीन पालियों में हो रही परीक्षा, भारी संख्या में परीक्षार्थी शामिल
परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 08:30 बजे से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली 11:30 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक और तीसरी पाली दोपहर 03:30 बजे से शाम 05:30 बजे तक निर्धारित है। परीक्षार्थियों के लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह 07:00 बजे रखा गया था, ताकि समय पर जांच प्रक्रिया पूरी कर परीक्षा सुचारू रूप से शुरू हो सके।
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के भीतर सख्त नियम लागू किए हैं। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, डिजिटल डायरी, कैलकुलेटर, पेजर या अन्य गैजेट्स ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके अलावा पुस्तक, नोटबुक, बैग और लॉग बुक भी अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।