Jamtara News: साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डेबिट और क्रेडिट कार्ड अपडेट कराने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक साइबर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो सगे भाई भी शामिल हैं।
कार्ड अपडेट और KYC के नाम पर लोगों को बनाते थे शिकार
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जामताड़ा के पिंडारी और बरमुंडी क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान तीनों साइबर अपराधियों को दबोच लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे और विभिन्न बैंकिंग प्रक्रियाओं के नाम पर उन्हें झांसे में लेते थे।
मोबाइल-सिम समेत कई उपकरण बरामद
आरोपी कार्ड अपडेट, केवाईसी सत्यापन और खाते से जुड़ी अन्य सेवाओं का बहाना बनाकर ग्राहकों की गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर लेते थे। इसके बाद खातों से रकम निकालकर साइबर ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
गिरोह के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम, डेबिट-क्रेडिट कार्ड या ओटीपी से जुड़ी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध कॉल मिलने पर तुरंत साइबर थाना या स्थानीय पुलिस को सूचित करें।