Jamtara News : जिले के मिहिजाम के वार्ड संख्या-8 स्थित न्यू कॉलोनी (पोखरतल्ला) इलाके में रविवार तड़के भीषण आगजनी से हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासी मोहम्मद अख्तर के घर परिसर में संचालित टेंट हाउस के गोदाम में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 7 बजे खिड़की से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया, जिससे आग और फैलने से बच गई।
गद्दे, पोशाक, सोफा समेत सारा सामान जलकर राख, 4 लाख तक नुकसान
इस आगजनी में टेंट हाउस में उपयोग होने वाले गद्दे, पोशाक, तकिए, सोफा, बेडशीट, बिजली के पंखे सहित अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक घटना में करीब तीन से चार लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है, हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन अभी किया जा रहा है।
दमकल पहुंचने से पहले बुझी आग, अग्निशमन व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिहिजाम पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई, लेकिन दमकल वाहन पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
घटना के बाद टेंट हाउस के मालिक मोहम्मद अख्तर का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों में अग्निशमन व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई। लोगों ने मिहिजाम में स्थायी दमकल वाहन की व्यवस्था की मांग करते हुए प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की अपील की।