Jharkhand BJP: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मृत दिखाने वाली एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है. तस्वीर में पीएम मोदी के फोटो पर माला चढ़ी हुई दिखाई गई है. इस मामले में बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने रांची साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस को दी गई शिकायत में ऋषिकेश चौहान को नामजद आरोपी बनाया गया है. आरोप है कि इसी नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से आपत्तिजनक तस्वीर और पोस्ट वायरल की गई.
शिकायत के अनुसार, सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मृत दिखाया गया है. तस्वीर में उनके फोटो पर माला चढ़ी हुई है.
इसके साथ अंतिम संस्कार से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री भी पोस्ट किए जाने का आरोप है. अजय साह का कहना है कि यह सामान्य राजनीतिक विरोध या आलोचना नहीं है. उनके मुताबिक, पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री को अपमानित करने और लोगों को भड़काने की कोशिश की गई. उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है.
इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच की मांग
बीजेपी नेता ने पुलिस से संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की साइबर जांच कराने को कहा है. उन्होंने अकाउंट चलाने वाले व्यक्ति की पहचान की पुष्टि करने की मांग की है. इसके अलावा मोबाइल नंबर, ई-मेल, आईपी एड्रेस, डिवाइस और लॉगिन से जुड़ी जानकारी जुटाने की मांग की गई है.
आरोपी के कंपनी से जुड़े होने का दावा
शिकायत में कहा गया है कि ऑनलाइन उपलब्ध जानकारी के अनुसार ऋषिकेश मंगल चौहान नाम का व्यक्ति अहमदाबाद की एक निजी कंपनी से जुड़ा हुआ है. उन्हें कंपनी का निदेशक बताए जाने का भी दावा किया गया है. हालांकि, शिकायतकर्ता ने खुद भी कहा है कि सोशल मीडिया अकाउंट और व्यक्ति के बीच संबंध की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होनी चाहिए.
अजय साह ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ संबंधित साइबर कानूनों के तहत कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े डिजिटल सबूत सुरक्षित रखने की भी मांग की है. इसमें अकाउंट की जानकारी, आईपी एड्रेस, लॉगिन रिकॉर्ड, मोबाइल नंबर और अन्य डिजिटल डेटा शामिल हैं. बीजेपी नेता ने इस पोस्ट को गंभीर मामला बताते हुए दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.