Jharkhand News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड के टोकलो थाना क्षेत्र में उलीडीह से चार मोड़ तक सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी सड़क पर लौजोड़ा गांव के पास निर्माणाधीन पुलिया में गिरने से शुक्रवार देर रात एक बाइक सवार की मौत हो गई। घटना की जानकारी शनिवार को हुई, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर जमकर हंगामा किया।
ठेका कंपनी से मांगे 15 लाख
ग्रामीणों का आरोप है कि यह घटना सड़क निर्माण कराने वाली ठेका कंपनी की गलती के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन पुलिया पर किसी भी तरह की बेरिकेडिंग या सुरक्षा इंतजाम नहीं किया गया था, जिससे यह हादसा हुआ। ग्रामीण पीड़ित परिवार के लिए ठेका कंपनी से 15 लाख रुपए मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।
सूचना मिलते ही टोकलो थाना प्रभारी सहित पुलिस की बड़ी टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इसके अलावा चक्रधरपुर प्रखंड कार्यालय के अधिकारियों व ठेका कंपनी के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने पीड़ित परिवार व ग्रामीणों से बातचीत की। इसके बाद आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की गई। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे सड़क जाम हटा दिया गया। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।