Jharkhand News: रांची के मोराबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब-जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में मेजबान झारखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया.
इस जीत के साथ झारखंड ने लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, साथ ही यह भी सुनिश्चित किया कि टीम ने इस प्रतियोगिता में लगातार आठवीं बार पदक जीता.
फाइनल मुकाबला रहा बेहद रोमांचक
फाइनल मैच काफी कांटे का रहा. झारखंड की ओर से सुगन सांगा और सेवानी केरकेट्टा ने एक-एक गोल कर टीम को बढ़त दिलाई.
वहीं मध्यप्रदेश की ओर से नम्मी गीताश्री ने एक गोल दागकर मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा.
मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए नौशीन नाज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
ओडिशा ने जीता कांस्य पदक
तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में ओडिशा ने उत्तरप्रदेश को 4-2 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया.
ओडिशा की प्रियंका मिंज ने दो गोल किए, जबकि प्रिंसेस प्रिया एक्का और अंजना कुजूर ने एक-एक गोल दागा.
उत्तरप्रदेश की ओर से अर्किटा कुमारी और ममता कुमारी ने एक-एक गोल किया.
इस मैच में प्रियंका मिंज को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया.
व्यक्तिगत पुरस्कारों में इन खिलाड़ियों का जलवा
हाईएस्ट गोल स्कोरर: नौशीन नाज (मध्यप्रदेश) – 9 गोल
बेस्ट गोलकीपर: खिल्ली कुमारी (झारखंड)
बेस्ट डिफेंडर: प्रीति बिलुंग (झारखंड)
बेस्ट फॉरवर्ड: प्रियंका मिंज (ओडिशा)
इमर्जिंग प्लेयर: स्वीटी कुजूर (ओडिशा)
अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
फाइनल के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में रानी रामपाल, भोलानाथ सिंह सहित कई गणमान्य अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया.
इसके अलावा तकनीकी अधिकारियों, अंपायरों और मेडिकल टीम को भी सम्मानित किया गया.
झारखंड टीम को मिला नकद पुरस्कार
झारखंड की ऐतिहासिक जीत पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने टीम को 2 लाख रुपये देने की घोषणा की.
इस मौके पर खेल विभाग और हॉकी झारखंड के कई अधिकारी भी मौजूद रहे.