Jharkhand: झारखंड की कोयलांचल नगरी धनबाद के युवा गायक अभिषेक कुमार ने देश के चर्चित सिंगिंग रियलिटी शो Indian Idol सीजन-16 के टॉप-12 में जगह बनाकर पूरे राज्य का मान बढ़ाया है। अपनी सुरीली आवाज, अनुशासित रियाज और अथक मेहनत के दम पर अभिषेक अब लाइव गाला राउंड में दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं।
इस सप्ताहांत से शो का प्रसारण हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे सोनी टीवी पर किया जाएगा। पहले गाला राउंड को “प्रीमियम पार्टी राउंड” नाम दिया गया है, जहां मुकाबला पहले से कहीं अधिक कठिन हो चुका है।
ठेले से मंच तक, एक पिता के सपनों की कहानी
अभिषेक की सफलता के पीछे संघर्ष की लंबी दास्तान छिपी है। उनके पिता अजय शाह पिछले दो दशकों से अधिक समय से धनबाद के सरायडेला, जगजीवन नगर क्षेत्र में पार्क के सामने ठेला लगाकर गुपचुप बेचते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे के सपनों को कभी छोटा नहीं होने दिया।
अजय शाह भावुक होकर कहते हैं, “मेरा सपना था कि मेरा बेटा संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाए। आज उसे इतने बड़े मंच पर देखकर लगता है कि वर्षों की मेहनत रंग ला रही है।”
शिक्षा और संस्कार, परिवार का मजबूत साथ
अभिषेक की प्रारंभिक शिक्षा कक्षा 1 से 5 तक डीएवी बनियाहीर, झरिया में हुई। इसके बाद की पढ़ाई में उनके नाना-नानी ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कक्षा 5 से 12 तक की पढ़ाई उन्होंने डीएवी धनबाद से पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए वे दिल्ली गए, जहां से उन्होंने एमए की डिग्री हासिल की।
परिवार का कहना है कि पढ़ाई के साथ-साथ संगीत के प्रति उनका जुनून कभी कम नहीं हुआ।
बचपन से सुरों का साथी
अभिषेक ने मात्र पांच वर्ष की उम्र में ही संगीत की दुनिया में कदम रख दिया था। उनके पहले गुरु उनके मामा पंकज सांवरिया रहे, जिन्होंने उन्हें सुर और ताल की बुनियादी शिक्षा दी। इसके बाद उन्होंने जागरण, मंदिरों और विभिन्न स्टेज शो में प्रस्तुति देकर खुद को निखारा।
लगातार अभ्यास और गुरुजनों के मार्गदर्शन ने उन्हें उस मुकाम तक पहुंचाया, जहां आज वे देश के सबसे बड़े मंच पर खड़े हैं। उन्होंने दिग्गज गायकों जैसे Udit Narayan और Shreya Ghoshal के साथ भी मंच साझा किया है, जो उनके लिए गर्व का क्षण रहा।
18 घंटे का रियाज और जीत का जुनून
अभिषेक के पिता बताते हैं कि यह राउंड बेहद चुनौतीपूर्ण है। अभिषेक रोजाना लगभग 18 घंटे तक रियाज करते हैं। वे हर सुर, हर भाव और हर शब्द पर विशेष ध्यान देते हैं। उनका एक ही लक्ष्य है. धनबाद और झारखंड का नाम पूरे देश में रोशन करना।
जनता से अपील, आपका एक वोट, एक सपना
अभिषेक ने झारखंड और धनबादवासियों से अपील की है कि जब वोटिंग लाइन खुले, तो वे अधिक से अधिक वोट देकर उनका समर्थन करें। उनका कहना है, “आपका एक वोट मेरे सपनों को साकार कर सकता है।”
आज धनबाद ही नहीं, बल्कि पूरा झारखंड अपने इस होनहार बेटे की सफलता की कामना कर रहा है। सभी को उम्मीद है कि अभिषेक अपनी मधुर आवाज का जादू बिखेरते हुए इस सीजन की ट्रॉफी अपने नाम करेंगे।