Jharkhand News: झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने शैक्षणिक सत्र 2026-28 के बीएड, एमएड और बीपीएड पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए अधिसूचना जारी कर दी है. राज्य के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन 26 अप्रैल 2026 को किया जाएगा. इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है, जो आगामी 25 मार्च तक जारी रहेगी.
आवेदन प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथियां
इच्छुक अभ्यर्थी पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट
http://jceceb.jharkhand.gov.in पर जाकर 25 मार्च तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं. आवेदन पत्र में किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधारने के लिए अभ्यर्थियों को 26 और 27 मार्च का समय दिया जाएगा. परीक्षा का आयोजन ऑफलाइन (OMR आधारित) मोड में रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा के विभिन्न केंद्रों पर किया जाएगा. परीक्षार्थी अपने एडमिट कार्ड परीक्षा की तिथि से चार दिन पहले पोर्टल से डाउनलोड कर सकेंगे.
पात्रता मापदंड और आरक्षण के नियम
इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के पास स्नातक या स्नातकोत्तर में न्यूनतम 50% अंक होने अनिवार्य हैं, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए यह सीमा 45% रखी गई है. इंजीनियरिंग या प्रौद्योगिकी स्नातकों (विज्ञान और गणित) के लिए न्यूनतम 55% अंकों का प्रावधान है. स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा दे रहे छात्र भी आवेदन के पात्र हैं, बशर्ते उन्हें नामांकन के समय अपना अंतिम परिणाम प्रस्तुत करना होगा. आरक्षण नीति के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों से उत्तीर्ण छात्रों के लिए 85% सीटें आरक्षित की गई हैं, जबकि शेष 15% सीटें खुली श्रेणी (Open Category) के लिए होंगी.
परीक्षा पैटर्न और आवेदन शुल्क
प्रवेश परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें भाषा दक्षता के 30, शिक्षण अभिरुचि के 40 और तर्कशक्ति के 30 प्रश्न शामिल होंगे. प्रत्येक सही उत्तर के लिए 1 अंक दिया जाएगा, जबकि गलत उत्तर पर 0.25 अंकों की कटौती की जाएगी. आवेदन शुल्क के रूप में सामान्य वर्ग को 1000 रुपये, पिछड़ा वर्ग को 750 रुपये और अनुसूचित जाति/जनजाति व महिलाओं को 500 रुपये का भुगतान ऑनलाइन करना होगा. दिव्यांग अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क से मुक्त रखा गया है.