Jharkhand News: झारखंड के होमगार्ड जवानों ने महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की मांग को लेकर राज्य सरकार से हस्तक्षेप करने की अपील की है. इस संबंध में झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर होमगार्ड जवानों के पारिश्रमिक और भत्तों में संशोधन की मांग की है.
अदालतों के आदेश का दिया हवाला
एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि झारखंड हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने अपने विभिन्न आदेशों में होमगार्ड जवानों को पुलिस कर्मियों के समान न्यूनतम वेतन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही है. उन्हीं निर्देशों के आधार पर गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने अगस्त 2024 में मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद होमगार्ड जवानों के लिए 1088 रुपये प्रतिदिन पारिश्रमिक भत्ता निर्धारित किया था.
पुलिस कर्मियों का भत्ता बढ़ा, होमगार्ड को नहीं मिला लाभ
एसोसिएशन का कहना है कि जब होमगार्ड जवानों का पारिश्रमिक बढ़ाया गया था, तब पुलिस कर्मियों को 50 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा था. इसके बाद पुलिस कर्मियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 60 प्रतिशत हो गया है, लेकिन होमगार्ड जवानों के भत्ते में अभी तक कोई संशोधन नहीं किया गया है.
आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे जवान
ज्ञापन में कहा गया है कि लगातार बढ़ रही महंगाई के कारण राज्य के हजारों होमगार्ड जवान आर्थिक दबाव झेल रहे हैं. वर्तमान भत्ते में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है, जिससे जवानों और उनके परिवारों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
सरकार से जल्द निर्णय लेने की अपील
होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि न्यायालयों के निर्देशों और समानता के सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए होमगार्ड जवानों को भी पुलिस कर्मियों के बराबर महंगाई भत्ते का लाभ दिया जाए. साथ ही उनके पारिश्रमिक और अन्य भत्तों में नियमानुसार आवश्यक संशोधन कर जल्द राहत प्रदान की जाए.
एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए जल्द उचित निर्णय लेगी, जिससे राज्य के हजारों होमगार्ड जवानों को राहत मिल सके.