Jharkhand News : चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा देर रात चलाए गए एंटी क्राइम चेकिंग अभियान में पुलिस ने चोरी की अपाची बाइक के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस को देखकर भागे आरोपी, एक फरार
जानकारी के अनुसार, एसपी सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर हंटरगंज थाना क्षेत्र के कौलेश्वरी हटवारिया के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान अपाची बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस को देखते ही दोनों युवक बाइक छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया, जिसमें एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरा भागने के दौरान पैर में शीशा लगने से घायल हो गया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोरी वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के कोलवा गांव निवासी विष्णु गंझु के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि बरामद बाइक चोरी की है और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाया जा रहा था, ताकि पुलिस से बचा जा सके।
पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है और गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस अभियान में थाना प्रभारी प्रभात कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अजय महतो सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।