Jharkhand News : जामताड़ा में नगर पंचायत बोर्ड की पहली बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। सोमवार को आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक को वार्ड पार्षदों के विरोध के कारण स्थगित करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, बैठक शुरू होने से पहले ही विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ वार्ड पार्षद अपने समर्थकों के साथ बैठक कक्ष में प्रवेश करना चाह रहे थे और उन्हें भी बैठक में बैठाने की मांग कर रहे थे।
कार्यपालक पदाधिकारी ने नियमों का हवाला देकर किया विरोध
इस पर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी ने आपत्ति जताते हुए नियमों का हवाला दिया और स्पष्ट किया कि बैठक में केवल अधिकृत प्रतिनिधियों को ही शामिल होने की अनुमति है। कार्यपालक पदाधिकारी के इस रुख के बाद वार्ड पार्षदों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और पार्षदों ने जोरदार हंगामा किया। बैठक कक्ष में शोर-शराबा और नारेबाजी के कारण बैठक की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ पाई।
स्थिति को बिगड़ता देख अधिकारियों ने बैठक को स्थगित करने का निर्णय लिया। इस दौरान प्रशासनिक पदाधिकारी भी मौजूद रहे, लेकिन वे पार्षदों को शांत कराने में सफल नहीं हो सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत की पहली बैठक में ही इस तरह का विवाद होना दुर्भाग्यपूर्ण है, जिससे विकास कार्यों पर असर पड़ सकता है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि अगली बैठक शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित की जाएगी और नगर विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो सकेगी।