Jharkhand News : बोकारो में गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग ने नकली विदेशी शराब बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। यह कार्रवाई सियालजोड़ी ओपी थाना क्षेत्र के मूनदनिया बस्ती में की गई।
छापेमारी कर बरामद किये गए शराब की खली बोतलें और अन्य सामान
सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर चलाए गए छापामारी अभियान में चारदीवारी से घिरे एक एस्बेस्टस निर्मित मकान में संचालित नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का खुलासा हुआ। टीम ने मौके से भारी मात्रा में तैयार शराब और निर्माण सामग्री बरामद की।
बरामद सामान में ओल्ड मोंक, इम्पीरियल ब्लू, रॉयल स्टैग समेत विभिन्न ब्रांड की कुल 102 पेटी यानी 2376 बोतलें शामिल हैं, जिनकी मात्रा करीब 918 लीटर बताई जा रही है। इसके अलावा 105 लीटर स्पिरिट, खाली बोतलें, स्टीकर, ढक्कन और तीन पंचिंग मशीन भी जब्त की गई हैं।
मामले में हरला थाना क्षेत्र के पचौड़ा बस्ती निवासी इरफान अंसारी की संलिप्तता सामने आई है, जिसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी ऐसे मामलों में संलिप्त रहा है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व प्रशिक्षु निरीक्षक विनय कुमार सिंह ने किया, जिसमें उत्पाद विभाग की विशेष टीम शामिल रही।