Jharkhand Weather Alert: झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से सक्रिय हो रहा है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों के भीतर मानसून पूरे राज्य में पहुंच जाएगा. फिलहाल इसकी उत्तरी सीमा डालटनगंज तक पहुंच चुकी है और आगे बढ़ने के लिए मौसम पूरी तरह अनुकूल बना हुआ है.
भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद
मानसून की सक्रियता के साथ लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी और उमस दोनों का असर कम होगा.
40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी तेज हवाएं
26 और 27 जून को राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. इस दौरान कई इलाकों में वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हालांकि गढ़वा, पलामू और चतरा में गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है, लेकिन इन जिलों में भी गरज के साथ तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है.
मौसम विभाग का कहना है कि 28 जून से 2 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी. राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में लगातार हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.
हालांकि मानसून अब जोर पकड़ रहा है, लेकिन राज्य में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश हुई है. 1 जून से 26 जून के बीच झारखंड में सामान्य वर्षा की तुलना में 61 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. इस अवधि में जहां करीब 149.8 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, वहीं अब तक केवल 59 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है. मौसम विभाग को उम्मीद है कि आगामी दिनों में होने वाली बारिश से वर्षा की कमी कुछ हद तक पूरी हो सकेगी.