Jharkhand: झारखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सबसे कम तापमान जगन्नाथपुर में 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रांची में 17.1 डिग्री, बोकारो और डालटेनगंज में करीब 18.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
बादलों की आवाजाही, हल्की बारिश का असर
दिनभर कई क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहे, जिससे मौसम सुहाना बना रहा। हालांकि भारी वर्षा नहीं हुई, लेकिन पलामू जिले में सबसे अधिक 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
तीन पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के कारण इस सप्ताह मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। फिलहाल जम्मू क्षेत्र के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि 26 और 28 मार्च को दो और सिस्टम के प्रभाव से मौसम प्रभावित होगा। इसके अलावा असम के आसपास बना चक्रवाती परिसंचरण भी मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके चलते पूरे महीने बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में बारिश की संभावना बनी रहेगी।
इन जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट
आज राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार जताए गए हैं। खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां सहित कई इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। साथ ही वज्रपात की भी आशंका है, जिसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
शहरों का तापमान और वायु गुणवत्ता
राज्य के प्रमुख शहरों में तापमान और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) इस प्रकार रहा
रांची : 32/19 डिग्री, AQI 210
जमशेदपुर : 36/22 डिग्री, AQI 133
धनबाद : 34/20 डिग्री, AQI 210
बोकारो : 34/20 डिग्री, AQI 144
27 मार्च से तेज बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि 27 मार्च से राज्य में मौसम का प्रभाव और ज्यादा बढ़ सकता है। कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिसे देखते हुए पहले से ही अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। खासकर आंधी-तूफान और वज्रपात के दौरान घर से बाहर न निकलने, अनावश्यक यात्रा से बचने और खुले स्थानों, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी गई है।