Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-18

Kandra News: अवैध बालू लदा हाइवा जब्त, खनन विभाग की छापेमारी से बालू माफियाओं में हड़कंप

Kandra News: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत पेट्रोल पंप के समीप बुधवार की अहले सुबह खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. विभाग की टीम ने अवैध बालू लदे एक हाइवा को जब्त किया है. मिली जानकारी के अनुसार, खनन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि इचागढ़ थाना क्षेत्र से बालू का अवैध उत्खनन कर उसे कांड्रा, आदित्यपुर और कपाली के इलाकों में खपाया जा रहा है. इसी सूचना के आधार पर विभाग ने जाल बिछाया था.

छापेमारी के दौरान भागने का प्रयास
सूचना मिलते ही खनन विभाग ने एक विशेष दल का गठन किया और कांड्रा थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर सघन जांच अभियान चलाया. जांच के दौरान जब बालू लदे हाइवा को रोकने का प्रयास किया गया, तो चालक ने टीम को देखकर वाहन भगाने की कोशिश की. हालांकि, स्थानीय पुलिस के सक्रिय सहयोग से घेराबंदी कर हाइवा को रोक लिया गया. पुलिस ने वाहन को जब्त कर फिलहाल थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा करवा दिया है.

बड़े बालू माफिया के संलिप्त होने की चर्चा
जब्त हाइवा (संख्या JH05EA0961) का मालिक भक्तु कुम्भकार बताया जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, भक्तु कुम्भकार की गिनती क्षेत्र के बड़े बालू माफियाओं में होती है, जिसके पास 8 से 10 हाइवा का बेड़ा है. बताया जा रहा है कि अक्सर इचागढ़ क्षेत्र से अवैध बालू का उठाव किया जाता है और पकड़े जाने से बचने के लिए बंगाल का फर्जी चालान दिखाया जाता है. इस खुलासे के बाद खनन माफियाओं के सिंडिकेट पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

कागजातों की जांच में जुटा विभाग
फिलहाल खनन विभाग जब्त वाहन और बालू से संबंधित दस्तावेजों की गहनता से जांच कर रहा है. अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि चालान वैध है या केवल दिखावे के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. विभाग की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में लगे माफियाओं के बीच हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस और खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगाम कसने के लिए इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !