Latehar: मोबाइल फोन खो जाने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद अक्सर कम हो जाती है. लेकिन लातेहार में पुलिस की कोशिश से 24 लोगों को उनका खोया हुआ फोन वापस मिल गया. मंगलवार को पुलिस ने एक कार्यक्रम के दौरान बरामद किए गए 24 मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए. मोबाइल हाथ में आते ही लोगों की खुशी देखने लायक थी. किसी ने पुलिस को धन्यवाद दिया तो किसी ने कार्रवाई की सराहना की.
साइबर सेल ने तकनीक की मदद से खोजे मोबाइल
मोबाइल बरामद करने की इस कार्रवाई में जिला पुलिस की साइबर सेल ने अहम भूमिका निभाई. एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर टीम ने भारत सरकार के संचार साथी यानी CEIR पोर्टल की मदद ली. इसी तकनीकी व्यवस्था के जरिए गुम और चोरी हुए मोबाइल को ट्रैक करने की कोशिश की गई. पुलिस के प्रयास से एक-एक कर 24 मोबाइल बरामद किए गए.
मोबाइल खो जाए तो तुरंत करें शिकायत
एसपी कुमार गौरव ने लोगों से कहा कि मोबाइल खोने के बाद परेशान होने की जरूरत नहीं है. सबसे पहले अपने मोबाइल का IMEI नंबर पता करें. इसके बाद संचार साथी के CEIR पोर्टल पर जाकर मोबाइल खोने या चोरी होने की जानकारी दर्ज करें. शिकायत दर्ज होने के बाद मोबाइल को ब्लॉक किया जा सकता है. इससे कोई दूसरा व्यक्ति उसका गलत इस्तेमाल नहीं कर पाएगा.
पुलिस स्टेशन में भी दें जानकारी
CEIR पोर्टल पर शिकायत करने के साथ ही लोगों को अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर सेल से भी संपर्क करना चाहिए. इसके लिए ऑनलाइन शिकायत या सनहा की कॉपी साथ रखना उपयोगी रहेगा. पुलिस का कहना है कि समय पर शिकायत मिलने से मोबाइल को खोजने में मदद मिलती है.
दूसरे के मोबाइल का इस्तेमाल न करें
लातेहार पुलिस ने जिले के लोगों से एक और जरूरी अपील की है. अगर किसी को रास्ते में कोई मोबाइल फोन मिलता है तो उसका इस्तेमाल न करें. ऐसे फोन को पुलिस के हवाले करना चाहिए. पुलिस ने कहा कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में बिना देर किए इसकी सूचना आधिकारिक माध्यम से दें.