Latehar: लातेहार सदर थाना क्षेत्र के आरागुंडी गांव स्थित नदी टोला में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान महोदव उरांव के पुत्र राधे उरांव के रूप में हुई है।
पीछे से टक्कर मारने से गई जान
जानकारी के अनुसार, राधे उरांव अपनी बाइक से तुबेद से सरना स्थल सबानो जा रहे थे। इसी दौरान लातेहार की ओर से आ रहे हाइवा ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवा को किया आग के हवाले
घटना से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने मौके पर ही हाइवा में आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही एसडीपीओ अरविंद कुमार, सीओ नंदकुमार राम और थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं अग्निशमन विभाग की टीम भी दमकल वाहन के साथ पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक हाइवा पूरी तरह जल चुका था।
शव के साथ सड़क जाम, बढ़ा तनाव
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। बताया जा रहा है कि हाइवा पांडेयपरा गांव का है और तुबेद कोलियरी में कोयला ढुलाई का काम करता है। फिलहाल पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की जांच में जुटी हुई है।