Latehar News : जिले में आरसीसी बेंचों की खरीद, ज्ञान केंद्रों में सामग्री आपूर्ति और जलमीनारों के मरम्मत कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) से की गई है।सेण्टर फॉर आरटीआई के अध्यक्ष पंकज कुमार यादव ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 15वें वित्त आयोग मद से विभिन्न पंचायतों में लगाए गए आरसीसी बेंचों की खरीद में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई।बाजार में लगभग 4,500 रुपये कीमत वाले एक बेंच को 18,800 रुपये प्रति बेंच की दर से खरीद दिखाकर 80 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया गया.
शिकायत के अनुसार महुआडांड़ प्रखंड में 91, मनिका में 37 और सदर प्रखंड में 423 आरसीसी बेंच लगाए गए।आरोप है कि इनकी खरीद में बाजार मूल्य से कई गुना अधिक राशि निकाली गई.
शिकायत में एके इंटरप्राइसेस, वर्षा इंटरप्राइसेस और हमदान इंटरप्राइसेस पर अधिकारियों, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से अधिक भुगतान प्राप्त करने तथा गुणवत्ताहीन बेंचों की आपूर्ति करने का आरोप लगाया गया है।यह भी कहा गया है कि दो वर्ष की वारंटी के बावजूद कई बेंच समय से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गए.
पंकज कुमार यादव ने शिकायत पत्र में पिछले तीन वर्षों के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में हुए कार्यों की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मामले को जल्द ही उच्च न्यायालय के समक्ष भी रखा जाएगा, ताकि व्यापक स्तर पर जांच सुनिश्चित हो सके.