Mango News : मानगो थाना क्षेत्र के महादेवबाग कॉलोनी में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने मानगो थाना पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, पहले पक्ष की ओर से महादेवबाग कॉलोनी निवासी मनीष कुमार शर्मा ने एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे एमएस सहाय, शशि कुमार सहाय और अभिजीत कुमार जबरन उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं।
दूसरे पक्ष ने भी मारपीट और गाली-गलौज का लगाया आरोप
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से शशि कुमार सहाय ने मानगो थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनीष शर्मा, मंजू शर्मा और आशीष शर्मा ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पहले हमला करने का आरोप लगाया है।
मानगो थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इलाके में बढ़ाई गई पुलिस गश्त
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने महादेवबाग कॉलोनी में गश्त बढ़ा दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी जारी है।