National News: देश के ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए फरवरी का महीना काफी उत्साहजनक रहा. फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) द्वारा जारी ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक इस महीने कुल 24.09 लाख वाहनों की बिक्री हुई. यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में 25.62 प्रतिशत ज्यादा है. खासतौर पर दोपहिया और पैसेंजर वाहनों की मांग में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई.
दोपहिया और तिपहिया सेगमेंट में जबरदस्त तेजी
फरवरी में दोपहिया वाहनों की बिक्री 17,00,505 यूनिट तक पहुंच गई, जो पिछले साल के मुकाबले 25.02 प्रतिशत अधिक है. शहरों में दोपहिया बिक्री में 28.96 प्रतिशत और ग्रामीण इलाकों में 22.16 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई. तिपहिया वाहनों की बिक्री में भी 26.12 प्रतिशत का इजाफा हुआ. इसके साथ ही कमर्शियल और ट्रैक्टर सेगमेंट में भी मांग मजबूत रही. कमर्शियल वाहनों की 1,00,820 यूनिट बिक्री हुई, जो 28.89 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है.
सबसे ज्यादा उछाल ट्रैक्टर बिक्री में देखा गया, जहां 36.35 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
पैसेंजर वाहन बाजार भी मजबूत
फरवरी में पैसेंजर वाहनों की रिटेल बिक्री 3,94,768 यूनिट रही. शहरी क्षेत्रों में इस सेगमेंट में 21.12 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि ग्रामीण इलाकों में 34.21 प्रतिशत की तेज बढ़त दर्ज की गई. ग्रामीण बाजार में एसयूवी, यूटिलिटी व्हीकल और छोटी कारों की मांग में खास तेजी देखने को मिली.
इंवेंट्री की स्थिति बेहतर
FADA के मुताबिक पैसेंजर वाहनों का डीलर इंवेंट्री स्तर घटकर 27 से 29 दिनों पर आ गया है, जो बाजार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है. देश की सबसे बड़ी ऑटो कंपनी मारुति सुजुकी के पास फिलहाल लगभग 12 दिन की डीलर इंवेंट्री है, जिसमें 7 दिन का ट्रांजिट स्टॉक भी शामिल है. कंपनी ने पिछले महीने बुकिंग में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की है. साथ ही मारुति सुजुकी अगले वर्ष दो नए प्लांट शुरू करने की तैयारी में है.
मार्च में भी बने रहने की उम्मीद
विशेषज्ञों का मानना है कि जीएसटी में की गई कटौती का असर अब साफ तौर पर बाजार में दिखाई दे रहा है. उम्मीद जताई जा रही है कि मार्च महीने में भी ऑटो बिक्री का यह सकारात्मक रुझान जारी रहेगा.