उपकार संघ के अध्यक्ष सतपाल साहू ने प्रेस वार्ता के दौरान नवरात्र कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा, जिसमें केदारनाथ ज्योतिर्लिंग की भव्य झांकी प्रस्तुत की जाएगी।
कार्यक्रम के तहत 19 मार्च को पूजा पंडाल का उद्घाटन किया जाएगा। इसी दिन संध्या बेला में बिरही भिगोने का कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं 20 मार्च (शुक्रवार) को 75 ज्योति कलश प्रज्वलित किए जाएंगे।
23 मार्च (सोमवार) को संध्या 4 बजे से बाना आगवानी कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद संध्या 7 बजे मां जगदंबा का विशेष श्रृंगार पूजन किया जाएगा तथा उपकार संघ एवं बजरंग बली का ध्वजारोहण किया जाएगा। संध्या 7:30 बजे से जसगीत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
नवरात्र अनुष्ठान के अंतर्गत 26 मार्च को पूर्णाहुति दी जाएगी, जबकि 27 मार्च को प्रातः 8 बजे ज्योति कलश के साथ विशाल विसर्जन शोभायात्रा कपाली घाट के लिए प्रस्थान करेगी। यह शोभायात्रा सोनारी के विभिन्न मार्गों—गुदरी बाजार, नर्स क्वार्टर चौक, पुराना सीपीएन क्लब और भूतनाथ मंदिर चौक होते हुए गुजरेगी।
इस वर्ष आयोजन का एक और विशेष आकर्षण जवारा जसगीत प्रतियोगिता होगा, जिसमें शहर की विभिन्न पूजा समितियां भाग लेकर अपनी प्रस्तुति देंगी।
प्रेस वार्ता में उपकार संघ के अध्यक्ष सतपाल साहू, उपाध्यक्ष उमाशंकर शर्मा, महासचिव विश्वकर्मा वर्मा, सचिव राजीव वर्मा, कोषाध्यक्ष नरेंद्र साहू, बालकृष्ण साहू, साहिल शर्मा, बलराम वर्मा, श्यामलाल साहू, नरेश शर्मा, हेमंत साहू, कन्हैया यादव सहित उपकार संघ के सभी सदस्य उपस्थित थे।